मधुबनी: बिहार के मधुबनी से सांसद ड़ॉ अशोक कुमार यादव के पुत्र विभूति कुमार यादव रविवार से लापता हो गए हैं। यह हाई प्रोफाइल मामला लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बंगाली टोला स्थित आवास से सामने आया है। परिजनों द्वारा लहेरियासराय थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया है, जिसके बाद पुलिस सांसद के पुत्र की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर विभूति यादव बंगाली टोला स्थित अपने आवास से बाजार के लिए निकले थे। जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटे तो परिजनों को संदेह हुआ और उन्होंने खोजबीन शुरू की। कोई जानकारी न मिलने पर लहेरियासराय थाना को गुमशुदगी की सूचना दी गई।
विभूति कुमार यादव दिल्ली में रहकर लॉ की पढ़ाई कर रहे हैं और लॉ के सेकंड सेमेस्टर के छात्र हैं। वह कुछ दिन पहले ही दिल्ली से अपने घर आए थे। रविवार दोपहर वह काले रंग का पेंट और हरे रंग का टी-शर्ट पहनकर घर से निकले थे।
बता दें कि विभूति कुमार यादव पूर्व केंद्रीय मंत्री हुकुमदेव नारायण यादव के पौत्र हैं, जिन्हें वर्ष 2019 में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा पद्मभूषण पुरस्कार से नवाजा गया था। विभूति के पिता ड़ॉ अशोक कुमार यादव दरभंगा के केवटी विधानसभा से दो बार भाजपा के विधायक भी रह चुके हैं और मधुबनी से दूसरी बार लगातार सांसद चुने गए हैं।
सांसद अशोक यादव ने मीडिया से कहा कि “जो सोशल मीडिया पर चल रहा है, वह सही खबर है। मैं अभी काफी परेशान हूं। कुछ जानकारी मिलने पर साझा करूंगा।” मामला हाई प्रोफाइल होने की वजह से पुलिस काफी गंभीर दिख रही है और लगातार विभूति की तलाश में जुटी हुई है।
