नई दिल्ली: संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सांसद और फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत ने कांग्रेस के EVM हैक होने वाले आरोपों को लेकर बड़ा बयान दिया। लोकसभा में एक चर्चा के दौरान, कंगना रनौत ने कांग्रेस पर तीखा व्यंग्य करते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग यह समझ नहीं पा रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी EVM हैक नहीं करते, बल्कि वह तो दिलों को हैक करते हैं।
कंगना रनौत ने इस दौरान सदन में एसआईआर (SIR) पर चर्चा करते हुए अपने विचार रखे और कहा कि पीएम मोदी ‘EVM नहीं बल्कि दिल हैक करते हैं’। उन्होंने विपक्ष पर सदन को न चलने देने और हर तरह की चालें चलने का आरोप लगाया।
संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान विपक्ष ने एसआईआर, वोट चोरी और वंदे मातरम जैसे मुद्दों पर सरकार के खिलाफ लगातार मोर्चा खोल रखा है। इसी हंगामे के जवाब में बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने विपक्ष पर पलटवार किया।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
इससे पहले हिमाचल प्रदेश के मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने राहुल गांधी के जर्मनी दौरे को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि “मैं उनके (राहुल गांधी) के दौरों की कोई खबर नहीं रखती हूँ, न ही उनके बारे में कोई न्यूज़ पढ़ती हूँ। उनकी खबरें हमेशा बेकार ही होती हैं।” उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी के चरित्र में कोई ताकत नहीं है, इसलिए उनके पास इस बारे में कहने के लिए कुछ नहीं है।
राहुल गांधी की जर्मनी यात्रा को लेकर भाजपा ने उन पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘पर्यटन वाला नेता’ कहा है। सत्ताधारी बीजेपी ने उन पर बार-बार विदेश यात्राओं के लिए अपने कर्तव्यों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है, तो वहीं कांग्रेस ने पलटवार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं का हवाला दिया है।
