लखनऊ की जिला जेल में बंद उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रजापति पर मंगलवार देर रात जानलेवा हमला हुआ। जानकारी के मुताबिक, जेल में सफाईबंदी ने लोहे की पटरी से उन पर कई बार हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद उन्हें तुरंत जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि सफाई ड्यूटी के दौरान किसी बात पर विवाद हुआ, जिसके बाद बंदी ने हमला कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, गायत्री प्रजापति पहले से ही बीमारी के चलते जेल अस्पताल में भर्ती थे।
इस घटना पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि “पूर्व मंत्री पर जेल में हमला चिंताजनक है। इसकी निष्पक्ष न्यायिक जांच होनी चाहिए। उत्तर प्रदेश में कहीं भी कोई सुरक्षित नहीं है।” वहीं, सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने भी सोशल मीडिया पर लिखा कि जेल प्रशासन को पूर्व मंत्री को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना चाहिए।
गौरतलब है कि गायत्री प्रजापति लंबे समय से खनन घोटाले के मामले में लखनऊ की जिला जेल में बंद हैं।
