नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली में ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से मुलाकात की, जो अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर पहुंचने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री बन गए हैं। रक्षा मंत्री ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई दी और इसे मानव अंतरिक्ष उड़ान की दिशा में भारत की यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया।
राजनाथ सिंह ने ग्रुप कैप्टन शुक्ला के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा पृथ्वी की कक्षा में किए गए वैज्ञानिक प्रयोगों से भारत की अंतरिक्ष अनुसंधान और अन्वेषण क्षमताएं मजबूत होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी यह यात्रा देश के युवाओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष अन्वेषण के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।
रक्षा मंत्री ने एक्स पर अपनी पोस्ट में बताया कि उन्होंने शुभांशु शुक्ला के साथ उनकी अंतरिक्ष यात्रा, प्रयोगों, विज्ञान में प्रगति और भारत के महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन पर चर्चा की। उन्होंने भारतीय वायु सेना की भूमिका को भी सराहा, जिसने इसरो के साथ मिलकर अंतरिक्ष यात्रियों के चयन और प्रशिक्षण में अहम योगदान दिया है। यह उपलब्धि भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम में इसरो, भारतीय वायु सेना और अन्य राष्ट्रीय हितधारकों के बीच उत्कृष्ट तालमेल को दर्शाती है।
Delighted to meet Gp Capt Shubanshu Shukla, the first Indian Astronaut, on-board International Space Station. We discussed his inspiring space journey, the vital experiments he undertook in orbit, advances in science and technology, and the road ahead with India's pioneering… pic.twitter.com/Vs9geqauwc
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) August 21, 2025
