जयपुर: सांसद हनुमान बेनीवाल और उनके भाई नारायण बेनीवाल सहित कुछ अन्य पूर्व विधायकों को सरकारी आवास खाली करने का नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई राजस्थान की राजनीति में एक नया मोड़ लेकर आई है, खासकर तब जब 48 घंटे के भीतर बेनीवाल परिवार पर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।
सांसद हनुमान बेनीवाल जालूपुरा में अपने पूर्व विधायक आवास को, जो उन्हें पिछली बार विधायक रहने के दौरान आवंटित किया गया था, सांसद बनने के बाद भी अब तक खाली नहीं कर रहे हैं। गौरतलब है कि जालूपुरा में अन्य सभी विधायकों को आवंटित आवास काफी पहले ही खाली करवा लिए गए थे। उन्हें इस संबंध में कई बार पूर्व में भी नोटिस दिए जा चुके हैं।
इसी तरह, नारायण बेनीवाल और पुखराज गर्ग, जो 15वीं विधानसभा के सदस्य थे और इस बार का 16वीं विधानसभा चुनाव हार गए थे, वे भी नियमों को ताक पर रखकर आवंटित विधायक आवास में लंबे समय से रह रहे हैं।
इन सभी को संपदा अधिकारी और अतिरिक्त मजिस्ट्रेट (न्याय) की ओर से 10 दिनों के भीतर सरकारी आवास को खाली करने का नोटिस जारी किया गया है।
यह घटनाक्रम तब सामने आया है जब कल ही नागौर में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने लंबे समय से बिजली का बिल न भरने के चलते हनुमान बेनीवाल के भाई के घर का बिजली कनेक्शन काट दिया था। हनुमान बेनीवाल नागौर में अपने भाई के इसी घर में रहते हैं।
ऐसे में, 48 घंटे के भीतर हनुमान बेनीवाल और उनके परिजनों पर हुई इस दूसरी बड़ी कार्रवाई ने राजस्थान की राजनीति में सियासी पारा बढ़ा दिया है।
