ग्रेटर नोएडा वेस्ट: जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले के विरोध में ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। पंचशील, इकोविलेज दो, अजनारा और रधा स्काई गॉर्डन सोसाइटियों के हजारों निवासियों ने एकजुट होकर कैंडल मार्च निकाला और शोक सभा का आयोजन कर शहीद हुए लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
हाथों में जलती हुई मोमबत्तियां लिए और नम आंखों से निवासियों ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। इस दौरान लोगों ने सरकार से आतंकवादियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की पुरजोर मांग की। निवासियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे देश पर किसी भी तरह के हमले को बर्दाश्त नहीं करेंगे। कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने भाग लिया और शहीदों को याद करते हुए शोक व्यक्त किया। यह शांतिपूर्ण प्रदर्शन आतंकवाद के खिलाफ आम आदमी के दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।
