गोवा नाइट क्लब अग्निकांड मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। इस घटना के मुख्य आरोपी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को थाईलैंड से गिरफ्तार कर लिया गया है, और अब उन्हें भारत लाने की तैयारी की जा रही है। यह दोनों आरोपी घटना के कुछ ही घंटों के भीतर थाईलैंड भाग गए थे। इस अग्निकांड में 25 लोगों की दुखद मौत हो गई थी। यह घटना शनिवार-रविवार रात यानी 6 दिसंबर की रात में घटी थी, और उसी रात ये दोनों भाई इंडिगो की फ्लाइट से थाईलैंड फरार हो गए थे। दोनों भाइयों को थाईलैंड के फुकेट के एक होटल से हिरासत में लिया गया है। जानकारी के अनुसार, आज गुरुवार शाम तक इन दोनों को भारत लाया जा सकता है।
पासपोर्ट सस्पेंड और ब्लू कॉर्नर नोटिस
लूथरा बंधुओं की गिरफ्तारी से पहले ही, विदेश मंत्रालय ने राज्य सरकार के अनुरोध के बाद गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा के पासपोर्ट रद्द कर दिए थे। सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मंत्रालय को गोवा सरकार से गौरव और सौरभ लूथरा के संबंध में एक पत्र प्राप्त हुआ था। मंत्रालय ने नियमों के अनुसार, भारतीय पासपोर्ट अधिनियम के तहत उनके पासपोर्ट रद्द करने के अनुरोध को मंजूर कर लिया था। इसके अलावा, उनके खिलाफ इंटरपोल ब्लू कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था, जो उनकी गिरफ्तारी में सहायक सिद्ध हुआ।
दिल्ली कोर्ट से नहीं मिली थी राहत
गोवा के ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा को बुधवार को दिल्ली की एक अदालत से अंतरिम राहत पाने में सफलता नहीं मिली थी। उनकी ट्रांजिट अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई कर रहीं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वंदना ने गोवा से जवाब मांगा और अगली सुनवाई बृहस्पतिवार के लिए तय की थी। दोनों भाइयों ने चार सप्ताह की अग्रिम जमानत का अनुरोध किया था ताकि थाईलैंड से दिल्ली लौटने के तुरंत बाद उन्हें गिरफ्तार न किया जाए, लेकिन कोर्ट से उन्हें कोई राहत नहीं मिल पाई।
