Goa Nightclub Fire: लूथरा ब्रदर्स के पार्टनर अजय गुप्ता गिरफ्तार, गैंगस्टर कनेक्शन की जांच शुरू

Goa Nightclub Fire: बुधवार को गोवा पुलिस ने इस मामले में लूथरा ब्रदर्स के एक स्लीपिंग पार्टनर अजय गुप्ता को गिरफ्तार किया है। अजय गुप्ता, गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा के क्लब का मालिक है और वह दिल्ली के नामी बिल्डर रहे अमित गुप्ता का भाई है।

Goa Nightclub Fire: Luthra Brothers’ Partner Ajay Gupta Arrested; Gangster Connection Probe Initiated
Goa Nightclub Fire: Luthra Brothers’ Partner Ajay Gupta Arrested; Gangster Connection Probe Initiated

गोवा नाइट क्लब अग्निकांड मामले की जांच में अब एक नया एंगल सामने आया है। बुधवार को गोवा पुलिस ने इस मामले में लूथरा ब्रदर्स के एक स्लीपिंग पार्टनर अजय गुप्ता को गिरफ्तार किया है। अजय गुप्ता, गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा के क्लब का मालिक है और वह दिल्ली के नामी बिल्डर रहे अमित गुप्ता का भाई है। अमित गुप्ता की दो साल पहले दिल्ली के बुराड़ी इलाके में दिनदहाड़े कुख्यात गोगी गैंग ने हत्या कर दी थी।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगा रही हैं कि अमित गुप्ता का पैसा उसका भाई अजय गुप्ता ने लूथरा ब्रदर्स के क्लब में किसी गैंगस्टर के दबाव में लगाया था या वह वास्तव में पार्टनर था। दो साल पहले बुराड़ी में हुई अमित गुप्ता की हत्या और गोगी गैंग के दीपक बॉक्सर के दावों ने इस जांच की दिशा को मोड़ दिया है।

बिल्डर अमित गुप्ता हत्याकांड

23 अगस्त 2022 को उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में फिल्मी अंदाज में बाइक सवार दो बदमाशों ने बिल्डर अमित गुप्ता पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उनकी हत्या कर दी थी। बुराड़ी के संत नगर मेन रोड पर हुए इस हमले में अमित गुप्ता को कई गोलियां लगी थीं। इलाज के लिए मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां ऑपरेशन के बाद भी सुधार न होने पर उन्हें गंगा राम अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गोगी गैंग और टिल्लू ताजपुरिया कनेक्शन

दिल्ली पुलिस को कई दिनों तक अमित गुप्ता की हत्या का कोई सुराग हाथ नहीं लगा था, लेकिन बाद में कुख्यात गोगी गिरोह का सदस्य गैंगस्टर दीपक बॉक्सर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर हत्या की जिम्मेदारी ली। जांच के दौरान, दिल्ली पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया जबरन वसूली और हत्या का मामला बताया था, लेकिन बॉक्सर ने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर दावा किया कि गुप्ता की हत्या उसने की थी, और हत्या का मकसद जबरन वसूली नहीं, बल्कि बदला लेना था। बॉक्सर ने दावा किया कि मृतक अमित गुप्ता गोगी गैंग के जानी दुश्मन टिल्लू ताजपुरिया गैंग का फाइनेंसर था और इसी सिलसिले में उसकी हत्या की गई।

बॉक्सर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में यह भी दावा किया था कि गोगी गैंग के मुख्य सदस्य कुलदीप उर्फ फज्जा, जिसका एनकाउंटर स्पेशल सेल ने किया था, को भी अमित गुप्ता ने ही जानकारी दी थी। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने साल 2023 में एक टीम बनाकर गैंगस्टर दीपक बॉक्सर को मैक्सिको से गिरफ्तार किया था। बता दें कि रोहिणी कोर्ट में गैंगस्टर जितेंद्र गोगी की हत्या के बाद दीपक बॉक्सर गोगी गिरोह का नेतृत्व कर रहा था।

अजय गुप्ता की गिरफ्तारी और जांच

गोवा के अरपोरा में रोमियो लेन शैक में लगी आग में 25 लोगों की मौत होने के बाद लूथरा ब्रदर्स के देश से भागने पर गैंगस्टर की एंट्री हो गई है। अब सवाल उठ रहे हैं कि लूथरा ब्रदर्स के क्लब में किसका पैसा लगा है। लूथरा ब्रदर्स की गिरफ्तारी के लिए सीबीआई और इंटरपोल की मदद ली जा रही है और उनके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है। विदेश मंत्रालय ने दोनों के पासपोर्ट को रद्द करने की भी प्रक्रिया शुरू कर दी है। डीआईजी वर्षा शर्मा ने कहा है कि जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर देश लाया जाएगा।

अजय गुप्ता को सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा का साझेदार बताया जा रहा है। 6 दिसंबर को लगी आग में 25 लोगों की मौत और 50 से अधिक लोगों के घायल होने के मामले में अब तक पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। अजय गुप्ता दिल्ली के कारोबारी हैं और GS Hospitality Arpora LLP के चार सह मालिकों में से एक हैं। यही कंपनी उत्तरी गोवा के अर्पोरा में बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब का संचालन करती है, जो दिल्ली के लोकप्रिय रोमियो लेन ब्रांड से जुड़ा हुआ है।

अब दिल्ली पुलिस और गोवा पुलिस मिलकर लूथरा बंधुओं की कुंडली खंगाल रही है। जांच एजेंसियों की नज़र इस बात पर है कि क्या दीपक बॉक्सर और उसके गैंग का लूथरा बंधुओं के गोवा क्लब या उनके किसी भी अवैध कारोबार में कोई अप्रत्यक्ष या सीधा संबंध रहा है? साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि क्या गुप्ता बंधुओं ने दोनों गैंग से संबंध रखकर अपने कारोबार को बढ़ाया था। लूथरा बंधुओं के विदेशी ठिकाने और उनके अपराध जगत से जुड़े तार पर भी जांच एजेंसियों की नजर है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2025 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale