वाराणसी में ‘फिट इंडिया साइकिल रैली’, डॉ. मांडविया ने 3000 लोगों संग दिया फिटनेस और नशा मुक्ति का संदेश

डॉ. मांडविया ने कहा, “संडे ऑन साइकिल एक जन आंदोलन में बदल गया है। आज, उपमहाद्वीप में 6000 से ज्‍यादा स्थानों पर सभी शैक्षणिक संस्थानों ने विकसित भारत के लिए नशा-मुक्त युवा अभियान में भाग लिया।

Dr. Mandaviya and 3000 Participants Lead 'Fit India Cycle Rally' in Varanasi
Dr. Mandaviya and 3000 Participants Lead 'Fit India Cycle Rally' in Varanasi

वाराणसी: ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ का 32वां संस्करण आज वाराणसी के बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने 3000 से अधिक व्यक्तियों की विशाल भीड़ के साथ साइकिल चलाकर इस भव्य फिटनेस उत्सव और नशा विरोधी मजबूत संदेश का नेतृत्व किया।

डॉ. मनसुख मांडविया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देश के युवाओं को नशे से दूर रखने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बीएचयू परिसर में एकत्रित बड़ी भीड़ को सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा, “एक स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ मस्तिष्‍क का निर्माण कर सकता है और एक स्वस्थ मस्तिष्‍क ही राष्ट्र को विकसित भारत की ओर अग्रसर कर सकता है।”

यह राष्ट्रव्यापी साइकिलिंग पहल केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई), केंद्रीय विद्यालय संगठन, भारतीय विद्यालय प्रमाणपत्र परीक्षा परिषद (सीआईएससीई), डीएवी कॉलेज प्रबंधन समिति, नवोदय विद्यालय समिति और बाल भारती पब्लिक स्कूल सहित कई शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से आयोजित की गई थी।

डॉ. मांडविया ने कहा, “संडे ऑन साइकिल एक जन आंदोलन में बदल गया है। आज, उपमहाद्वीप में 6000 से ज्‍यादा स्थानों पर सभी शैक्षणिक संस्थानों ने विकसित भारत के लिए नशा-मुक्त युवा अभियान में भाग लिया। युवाओं में नशे की लत को जड़ से समाप्‍त कर ही हम अपने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी जी के विकसित भारत के सपने को साकार कर सकते हैं। इस पहल के माध्यम से सरकार का उद्देश्य यह है कि देश के युवा स्वस्थ और तंदुरुस्त रहें और राष्ट्र की प्रगति में अहम भूमिका निभाएं।”

इस आयोजन में डॉ. मांडविया के साथ केंद्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा निखिल खडसे, उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री श्री गिरीश चंद्र यादव, वाराणसी उत्तर से विधायक श्री रवीन्द्र जयसवाल, पिंडरा वाराणसी से विधायक श्री अवधेश सिंह, वाराणसी कैंट के विधायक श्री सौरव श्रीवास्तव, एमएलसी श्री धर्मेन्द्र सिंह, एमएलसी श्री हंसराज, वाराणसी के मंडलायुक्त श्री एस. राजलिंगम और एसएआई नेताजी सुभाष क्षेत्रीय केंद्र, लखनऊ के क्षेत्रीय निदेशक श्री आत्म प्रकाश सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

साइकिल सवारों ने बीएचयू परिसर के हरे-भरे और शांत वातावरण से होते हुए सर सुंदरलाल अस्पताल, मालवीय भवन, बिड़ला छात्रावास, आईआईटी चौराहा और विश्वनाथ मंदिर जैसे प्रतिष्ठित स्थानों से वापस अपने प्रारंभिक स्थल एम्फीथिएटर ग्राउंड तक यात्रा की। इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने योग, ध्यान और जुम्बा सत्रों में भी हिस्सा लिया, जिससे यह शारीरिक तंदुरुस्‍ती का एक भव्य उत्सव बन गया।

श्रीमती रक्षा खडसे ने बाद में संवाददाताओं से कहा, “हमारे केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के मार्गदर्शन में, पूरे देश में फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का आयोजन किया जा रहा है। हमें इस पहल के लिए नागरिकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है… युवा नशे के दुष्‍प्रभाव को समझते हैं। कहीं न कहीं हमें एक शुरुआत करने की जरूरत थी और संदेश स्पष्ट है कि एक स्वस्थ युवा ही एक समृद्ध राष्ट्र का निर्माण कर सकता है।”

‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ के दिल्ली संस्करण में भी इस सप्ताह उत्साहपूर्ण उपस्थिति देखी गई, जिसमें राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के 300 से अधिक स्कूलों के 1000 से अधिक स्कूली छात्र राष्ट्रीय साइकिलिंग अभियान में शामिल हुए। भारत के अंतर्राष्ट्रीय साइकिलिस्ट एसो अल्बेन, मयूरी ल्यूट और सुशीला अगाशे ने युवा प्रतिभागियों को प्रेरित किया।

2022 एशियाई साइकिलिंग चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता एसो अल्बेन ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अंडमान में भी फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम सक्रिय है और लोगों को फिटनेस की ओर बढ़ते देखकर उन्हें खुशी हो रही है।

राहगीरी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में योग, जुम्बा, रस्सी कूद, बैडमिंटन के साथ-साथ स्कूल गेम्स जोन में सांप-सीढ़ी, कैरम, शतरंज, मिनी गोल्फ और लूडो जैसी मज़ेदार गतिविधियां भी शामिल थीं।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा भारतीय साइक्लिंग महासंघ (सीएफआई), डॉ. शिखा गुप्ता के नेतृत्व वाली रोप स्किपिंग टीम, राहगीरी फाउंडेशन, माय बाइक्स और माय भारत के सहयोग से ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन किया जा रहा है। यह साइकिलिंग अभियान सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की राजधानियों के अलावा भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों (एनसीओई), भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) प्रशिक्षण केंद्रों (एसटीसी), खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्रों (केआईएससीई) और खेलो इंडिया केंद्रों (केआईसी) में विभिन्न आयु वर्गों के लिए एक साथ आयोजित किया गया।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale