नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में मुस्लिम धार्मिक झंडे के कथित अपमान के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। रविवार रात इस घटना को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद खड़ा हो गया था। हालांकि, पुलिस की तत्परता से हालात पर काबू पा लिया गया और फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, घटना तब हुई जब दो लड़कों ने कथित तौर पर मुस्लिम समुदाय के धार्मिक झंडे को उतारकर अपमान किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया। दोनों लड़कों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।
गौरतलब है कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली का यह इलाका 2020 के दिल्ली दंगों के दौरान भी सबसे अधिक प्रभावित हुआ था। 23 फरवरी, 2020 को नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के समर्थकों और विरोधियों के बीच हिंसक झड़पें हुई थीं, जिसके बाद दंगे भड़क उठे थे। इन दंगों में 53 लोगों की मौत हुई थी और सैकड़ों लोग घायल हुए थे। साथ ही, घरों, दुकानों और वाहनों में आगजनी और लूटपाट की घटनाएं भी हुई थीं।
