नोएडा: नोएडा के सेक्टर 71 स्थित कैलाश अस्पताल प्रबंधन को एक ईमेल मिला है, जिसमें अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। मेल मिलने के तुरंत बाद अस्पताल प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर पुलिस को सूचित किया। कैलाश अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट राजेश पाराशर की तहरीर पर फेस-3 कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और दावा किया है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
मामले की जांच के लिए पुलिस की साइबर सेल को लगाया गया है। साइबर सेल की टीम आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश कर रही है। धमकी भरा यह मेल ‘divijpprabhakaralashmi@gmail.com’ नाम के ईमेल आईडी से भेजा गया है। पुलिस इस मेल के बारे में अन्य जानकारी खंगालने में जुटी हुई है।
शुरुआती आशंका है कि यह किसी शरारती तत्व का काम हो सकता है। हालांकि, आरोपी की पहचान होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस ने मेल का इतिहास खंगालना शुरू कर दिया है और उम्मीद है कि जल्द ही किसी नतीजे पर पहुंचेगी।
यह कोई पहला मौका नहीं है जब नोएडा के किसी संस्थान को इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले भी नोएडा के कई नामी स्कूलों के अलावा डीएलएफ मॉल प्रबंधन को भी बम से उड़ाने की धमकी भरे मेल मिल चुके हैं। बाद में यह बात सामने आई थी कि ये मेल शरारती तत्वों द्वारा स्कूल की छुट्टी कराने के मकसद से भेजे गए थे।
