Bihar CM Oath Ceremony: पटना में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (NDA) की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजधानी के गांधी मैदान में युद्धस्तर पर तैयारियाँ चल रही हैं। यह समारोह 20 नवंबर को आयोजित किया जाएगा और यह दस वर्षों के बाद है जब गांधी मैदान में इतने बड़े स्तर पर शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हो रहा है। सोमवार को जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम और विभिन्न एजेंसियों की एक संयुक्त टीम ने स्थल पर पहुँचकर तैयारियों का गहनता से जायजा लिया।
पूरे मैदान को कार्यक्रम की आवश्यकता के अनुरूप अलग-अलग ज़ोन में विभाजित किया गया है ताकि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके। सामान्य प्रशासन विभाग ने 25 बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को शपथ ग्रहण समारोह के लिए प्रतिनियुक्त किया है, जिसमें पाँच अधिकारियों को विशेष रूप से विशिष्ट अतिथियों के लिए लगाया गया है। गांधी मैदान में मुख्य मंच का निर्माण वीवीआइपी सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। इसके आसपास बैरिकेडिंग, विशेष अतिथियों के लिए अलग प्रवेश और निकास मार्ग, मीडिया के लिए एक निर्धारित क्षेत्र और आगंतुकों के बैठने की विस्तृत व्यवस्था पर काम तेजी से चल रहा है। पंडाल, साउंड सिस्टम और प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी अलग-अलग विशेषज्ञ एजेंसियों को सौंपी गई है।
सोमवार को पूरे दिन विभिन्न एजेंसियों के अधिकारी गांधी मैदान का निरीक्षण करने पहुँचे। दोपहर में प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेश कुमार पराशर, रेंज आइजी जीतेन्द्र राणा, और जिलाधिकारी डा. त्यागराजन एस एम ने निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सोमवार को बड़ी संख्या में पंडाल निर्माण से संबंधित सामग्री मैदान में उतारी गई। नगर निगम की टीमों ने मैदान में व्यापक सफाई अभियान चलाया। इसके अतिरिक्त, पेयजल स्टॉल, मोबाइल टॉयलेट, फायर सेफ्टी उपकरण सहित सार्वजनिक सुविधाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि शपथ ग्रहण समारोह को भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह गांधी मैदान में दस वर्ष के बाद होने जा रहा है। इससे पहले वर्ष 2015 में भी गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए थे। एनडीए सरकार बनने के बाद नीतीश कुमार ने पहली बार वर्ष 2005 में गांधी मैदान में ही शपथ ली थी। इसके बाद वर्ष 2010 और 2015 में भी यहाँ समारोह का आयोजन किया गया था। हालाँकि, वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में हुआ था।
शपथ-ग्रहण समारोह की तैयारियों के मद्देनज़र, पटना के जिलाधिकारी ने जिले के सभी अधिकारियों के अवकाश पर 20 नवंबर तक रोक लगा दी है। यह कदम विधि-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिकोण से काफी संख्या में पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किए जाने के कारण उठाया गया है। जिलाधिकारी ने जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड-स्तरीय सभी पदाधिकारियों, तकनीकी पदाधिकारियों तथा पर्यवेक्षक स्तर के पदाधिकारियों के अवकाश पर तत्काल प्रभाव से 20 नवंबर तक रोक लगाई है। यदि किसी पदाधिकारी, तकनीकी पदाधिकारी या पर्यवेक्षक-स्तरीय पदाधिकारी को विशेष परिस्थिति में अवकाश की आवश्यकता पड़ती है, तो उन्हें वरीय प्रभारी के माध्यम से स्पष्ट कारण का उल्लेख करते हुए आवेदन जिलाधिकारी के कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा और अनुमति प्राप्त होने के उपरांत ही मुख्यालय छोड़ने की अनुमति होगी।
