भोपाल: मकर संक्रांति पर पिकअप-ट्रैक्टर टक्कर, एक ही परिवार के 5 की मौत, 12 घायल

भोपाल: खुशियों और आस्था का पर्व मकर संक्रांति मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एक परिवार के लिए काल बनकर आया। बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात बैरसिया थाना क्षेत्र में एक पिकअप वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।

भोपाल: खुशियों और आस्था का पर्व मकर संक्रांति मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एक परिवार के लिए काल बनकर आया। बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात बैरसिया थाना क्षेत्र में एक पिकअप वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हृदय विदारक हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों में सवार बच्चों सहित 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

यह भीषण दुर्घटना बैरसिया के ठाकुर लाल सिंह स्कूल के पास उस समय हुई, जब विदिशा जिले के सिरोंज से एक परिवार के 15 लोग लोडिंग वाहन (पिकअप) में सवार होकर मकर संक्रांति पर नर्मदा स्नान के लिए नर्मदापुरम जा रहे थे। रात के सन्नाटे में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और मृतक व घायल वाहन के मलबे में ही फंस गए। मौके पर मची चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही देर रात बैरसिया एसडीएम आशुतोष शर्मा, क्षेत्रीय विधायक विष्णु खत्री और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज चौरसिया सहित भारी पुलिस बल अस्पताल पहुँचा। पुलिस कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन को काटकर मृतकों और घायलों को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में लक्ष्मीबाई अहिरवार, बबली बाई, हरि बाई, दीपक और मुकेश अहिरवार ने अपनी जान गंवा दी है। सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे, जिससे सिरोंज इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

घायलों का उपचार बैरसिया के स्थानीय अस्पताल में जारी है, जिनमें सूरज, विनीता, पुनीत, मोनिका और नूरी बाई जैसे कई लोग शामिल हैं। घायलों में पिकअप सवार 10 लोग और ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार 2 व्यक्ति शामिल हैं। प्रशासन ने डॉक्टरों को घायलों के समुचित इलाज के सख्त निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण पिकअप वाहन की अत्यधिक रफ्तार को माना जा रहा है। थाना प्रभारी वीरेंद्र सेन ने बताया कि फिलहाल घायलों की स्थिति को देखते हुए उनके बयान दर्ज नहीं हो सके हैं, स्थिति सामान्य होने पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale