पूर्वी दिल्ली: दिल्ली के गीता कॉलोनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। रानी गार्डन निवासी 20 वर्षीय यश को मामूली स्कूटी टक्कर के बाद हुए विवाद में चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। लक्ष्मी नगर स्थित एक अस्पताल से रात करीब 9:41 बजे पुलिस को सूचना मिली कि यश को चाकू लगने के बाद अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि यश अपनी स्कूटी से घर लौट रहा था। इसी दौरान, रिहान नामक युवक की स्कूटी से उसकी स्कूटी का हल्का टच हो गया, जिससे दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। इस मामूली बात पर रिहान, मो. आमान और लकी नामक युवकों ने यश के साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया।
इसके बाद तीनों आरोपियों ने यश का पीछा किया और गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास पुस्ता रोड पर मो. आमान ने यश की पीठ के निचले हिस्से में चाकू मार दिया। गंभीर रूप से घायल यश को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों रिहान, मो. आमान और लकी को गिरफ्तार कर लिया है।
