सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के लाछा गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शराब के नशे में पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर आरोपी पति को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त टांगी जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतिका रानिया शराब की आदी थी और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। शनिवार की रात दोनों ने शराब पी और नशे में गुस्से के चलते पति ने पास पड़े टांगी की बेंत से पत्नी के सिर और पेट पर वार कर दिया। हमला करने के बाद आरोपी वहीं सो गया। सुबह नशा उतरने पर उसने देखा कि पत्नी की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपित पति से आगे पूछताछ जारी है। घटना ने गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैला दी है।
