रायपुर: चंगोराभाठा इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान सोमनाथ यादव के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, 13 अगस्त की रात को कुछ युवक सोमनाथ को उसके घर से बुलाकर पास की एक गली में ले गए। वहाँ उन्होंने पहले उसकी बुरी तरह पिटाई की, और फिर उसके पैर की पिंडली में चाकू मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।
सोमनाथ की छोटी बहन ने पूरी घटना देखी और उसने पुलिस को बताया कि उसके भाई को कुछ युवक घर से बुलाकर ले गए थे और पास की गली में जमीन पर गिराकर मारपीट कर रहे थे।
घायल सोमनाथ को उसके परिजनों ने पुलिस की मदद से एम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के सीसीटीवी फुटेज से वारदात की पुष्टि हुई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी गुढ़ियारी और चंगोराभाठा के निवासी हैं।
सीसीटीवी फुटेज और सबूतों के आधार पर डीडी नगर थाना पुलिस ने हेमंत निषाद, सूरज निर्मलकर, मुकुंद निषाद, आनंद सारथी, सन्नी देवांगन और करण वर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
