अभनपुर: रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र के टोकरो गांव में पति ने रॉड से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी और थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। आरोपी ने बताया कि उसने चरित्र शंका के कारण वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार हत्या से पहले आरोपी ने पत्नी के साथ संबंध बनाए, इसके बाद चरित्र शंका को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी मुकेश सेन ने रॉड से पत्नी प्रियंका सेन के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल में भर्ती कराने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, तीजा पर प्रियंका अपने मायके गई हुई थी। उपवास के दूसरे दिन मुकेश ससुराल पहुंचा और बोला कि उसके पिताजी उसे घर से भगाना चाहते हैं, इसलिए वह प्रियंका को लेने आया है। वह कहने लगा कि अगर हम दोनों साथ रहेंगे तो मेरे पिताजी कुछ नहीं कर पाएंगे। इस पर प्रियंका उसके साथ टोकरो लौट आई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इसी वजह से उनके बीच लगातार विवाद होते रहते थे। वहीं, मृतका के मायकेवालों ने मुकेश सेन और उसके परिवार पर दहेज उत्पीड़न के आरोप लगाए। उनका कहना है कि प्रियंका को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और वह दो बार मायके में आकर रह चुकी थी, जिसे समझाकर वापस भेजा गया था। अभनपुर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
