रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। खरसिया थाना क्षेत्र के ठूसकेला राजीव नगर में एक ही परिवार के चार सदस्यों का शव उनके घर की बाड़ी से बरामद हुआ। मृतकों की पहचान बुधराम सिंग, उनकी पत्नी सहोद्रा, बेटी शिवांगी और बेटा अरविंद के रूप में हुई है।
एसपी दिव्यांग पटेल ने पुष्टि की कि चारों की हत्या कर शवों को मिट्टी में दबाया गया था। ग्रामीणों ने आज सुबह घर से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग 4-5 दिनों से लापता थे।
पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और जल्द ही खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।
