नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की सेंट्रल जिले की साइबर थाना टीम ने फर्जी जिगोलो/प्लेबॉय जॉब ऑफर के नाम पर चल रहे एक ऑनलाइन ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों – हिमांशु (25) और विशाल (19) को गिरफ्तार किया है। दोनों बेरोजगार युवाओं को हाई-प्रोफाइल नौकरी का लालच देकर लाखों की ठगी कर चुके हैं।
पीड़ित युवक, जो इंद्रलोक इलाके में रहता है और एक जूते की दुकान पर सेल्समैन है, पार्ट-टाइम जॉब की तलाश में इंटरनेट पर जिगोलो जॉब के झांसे में आया। वेबसाइट पर दावा किया गया था कि प्रत्येक “विज़िट” पर मोटी कमाई होगी। संपर्क करने पर आरोपियों ने रजिस्ट्रेशन फीस, होटल चार्ज, मसाज किट, कैब फीस और जीएसटी के नाम पर कई बार में ₹27,135 की ठगी कर ली।
शुरुआत में शर्म और संकोच के कारण पीड़ित चुप रहा, लेकिन बाद में राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर 11 जून को साइबर थाना, सेंट्रल जिले में FIR नंबर 52/25 दर्ज की गई।
पुलिस टीम ने डिजिटल सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की और गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि वे फर्जी पहचान पर सिम कार्ड खरीदते थे और फ्री क्लासिफाइड वेबसाइट्स पर झूठे जॉब विज्ञापन डालते थे।
दिलचस्प बात यह रही कि मुख्य आरोपी हिमांशु खुद भी दो साल पहले इसी तरह के जाल में फंस चुका था। उसी ठगी से प्रेरणा लेकर उसने यह आपराधिक रास्ता अपनाया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी यह मानकर चलते थे कि जिगोलो जैसी शर्मनाक नौकरी का नाम आते ही पीड़ित शिकायत दर्ज नहीं कराएगा। इसी सोच के चलते वे कई लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं।
पुलिस का कहना है कि यह मामला बड़े ऑनलाइन ठगी रैकेट से जुड़ा हो सकता है, जिसकी कड़ियाँ तलाश की जा रही हैं।
साइबर सेल लोगों से अपील करती है कि वे इस तरह के लालच भरे ऑफर से सावधान रहें और किसी भी संदेहजनक वेबसाइट या कॉल पर निजी जानकारी या पैसे साझा न करें।
