छत्तीसगढ़ पुलिस ने कोरबा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पहली बार ऐसे चरस तस्करों को पकड़ा है जो चरस को रोटी के आकार में तैयार कर उसकी खपत की योजना बना रहे थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से करीब 16.8 ग्राम चरस, चरस बिक्री का लेखा-जोखा दर्ज एक डायरी, रोलिंग पेपर और फिल्टर टिप सहित आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ है।
कोरबा पुलिस को टीपी नगर क्षेत्र में चरस की अवैध बिक्री की सूचना मिली थी। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छापेमारी कर दो आरोपियों — कुणाल सलुजा (24 वर्ष) और तुषार लालवानी, निवासी ट्रांसपोर्ट नगर — को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पिछले सप्ताह बनारस से नशीले पदार्थ की तस्करी में 18,965 नशीले टैबलेट जब्त करने के बाद की गई, जिससे पुलिस का अभियान और तेज़ हो गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 524/2025 धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। जिले को नशे के चंगुल से मुक्त कराने के लिए पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
