गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: जिले के गौरेला-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर आज शाम एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। सेमरा तिराहा स्थित महिंद्रा ट्रैक्टर शोरूम के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुट गई है।
मृतक की पहचान 29 वर्षीय उस्माउल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कोलकाता का रहने वाला था। वह सेमरा में किराए के मकान में रहकर फेरी का काम करता था। अचानक हुई इस दुर्घटना ने क्षेत्रवासियों को हिलाकर रख दिया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और गौरेला-सेमरा-पेंड्रा मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर गौरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना स्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही गवाहों से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के चलते दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी ट्रक चालक की जल्द ही गिरफ्तारी कर पूरे मामले की जांच पूरी की जाएगी।
