Delhi Gang War: नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के सीलमपुर इलाके में गुरुवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक को अंधाधुंध गोलियों से भून दिया गया। रात करीब 10:40 बजे सीलमपुर जामा मस्जिद के पास फायरिंग की आवाजें गूंजते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को गंभीर रूप से घायल हालत में जमीन पर पड़ा पाया। उसे तुरंत JPC अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृत युवक की पहचान मिस्बाह (22) के रूप में हुई है, जो जाफराबाद की गली नंबर 7, इंदिरा चौक का रहने वाला था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मिस्बाह पर हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती और आर्म्स एक्ट से जुड़े कुल 7 आपराधिक मामले दर्ज थे। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि यह पुरानी रंजिश या गैंगवार का मामला हो सकता है।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और फॉरेंसिक टीम (FSL) को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे और अन्य सबूत बरामद किए। साथ ही, CCTV फुटेज खंगालने और स्थानीय लोगों से पूछताछ का काम भी जारी है।
मिस्बाह को अस्पताल ले जाने वाले अली हसन ने बताया, “हमें मलिक बेकरी के पास फायरिंग की खबर मिली। जब पहुंचे, तो मिस्बाह खून से लथपथ ज़मीन पर पड़ा था। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।” उन्होंने बताया कि डॉक्टरों के अनुसार मिस्बाह के शरीर में करीब 15 गोलियां लगी थीं।
अली हसन ने यह भी कहा कि मिस्बाह अक्सर रात में मलिक बेकरी पर कॉफी पीने जाया करता था। उसी दौरान उस पर हमला हुआ। हमलावरों ने बिना किसी चेतावनी के ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
पुलिस की जांच जारी है और सभी एंगल से मामले को देखा जा रहा है। शुरुआती अनुमान है कि यह गैंगवार या पुरानी दुश्मनी का परिणाम हो सकता है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात के समय मिस्बाह के साथ कोई और मौजूद था या नहीं।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित कर दी गई हैं। इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, लेकिन हालात नियंत्रण में हैं।
