नई दिल्ली: दिल्ली के जाफराबाद इलाके में बीती रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मात्र 2 हजार रुपये की मामूली रकम को लेकर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 23 साल के फरदीन, निवासी गली नंबर 20, जाफराबाद के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, फरदीन अपने दोस्त जावेद के साथ रात करीब 12 बजे के आसपास गली नंबर 10 के पास बारिश से बचने के लिए खड़े थे। तभी वहां आदिल नाम का युवक आ गया, जिसने कुछ दिन पहले इन दोनों से 2 हजार रुपये उधार लिए थे। जब फरदीन और जावेद ने आदिल से पैसे वापस करने को कहा, तो वह गुस्से में आगबबूला हो गया और चाकू से हमला कर दिया।
हमले में फरदीन बुरी तरह घायल हो गया। उसके पिता उसे तुरंत जेपीसी अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि वारदात के वक्त आरोपी आदिल का भाई कामिल और पिता शकील भी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने आदिल को उकसाया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने क्राइम टीम और एफएसएल की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल चाकू की भी तलाश की जा रही है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
