Delhi Police Encounter: दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। 48 घंटे के अंदर पुलिस ने दूसरा एनकाउंटर किया है। यह मुठभेड़ दिल्ली के महरौली इलाके में वांटेड क्रिमिनल काकू पहाड़िया (Kaku Pahariya) और दिल्ली पुलिस के बीच हुई। गोलीबारी में आरोपी काकू पहाड़िया को गोली लगी है, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी पहाड़िया ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से वह घायल हो गया। इस दौरान, दो पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी, जबकि एक कांस्टेबल के हाथ में चोट आई है।
पुलिस के मुताबिक, गोली लगने के बाद 27 वर्षीय काकू पहाड़िया को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पहाड़िया आर्म्स (हथियारों) की सप्लाई करता था और कई अन्य गंभीर मामलों में भी वांछित था। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
48 घंटे में दूसरा बड़ा एनकाउंटर
दिल्ली पुलिस ने 48 घंटे के अंदर यह दूसरा बड़ा एनकाउंटर किया है। पहला एनकाउंटर 23 अक्टूबर की तड़के दिल्ली पुलिस ने रोहिणी इलाके में बिहार के चार मोस्ट वांटेड गैंगस्टर्स का एनकाउंटर किया था। इन अपराधियों में कुख्यात ‘सिग्मा एंड कंपनी’ गैंग का सरगना रंजन पाठक भी शामिल था। यह गिरोह कथित तौर पर बिहार चुनाव से पहले दहशत फैलाने और धमाका करने की साजिश रच रहा था। इस ऑपरेशन को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने मिलकर अंजाम दिया था।
दिल्ली पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से साफ है कि राजधानी में अपराध और अपराधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
