नई दिल्ली: दिवाली से पहले दिल्ली पुलिस ने अवैध पटाखों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 423 किलो प्रतिबंधित पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ख़ुफ़िया जानकारी के आधार पर पहली कार्रवाई सदर बाजार के फिल्मिस्तान इलाके में की गई। यहां पुलिस ने दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र आशुतोष मिश्रा और आर्यन दुबे को पकड़ा। जांच में पता चला कि दोनों ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से प्रतिबंधित पटाखे खरीदे थे और त्योहारों पर बेचकर मुनाफा कमाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने मौके से 148 किलो पटाखे बरामद किए।
दूसरी कार्रवाई अशोक नगर मार्केट, एम.एस. पार्क में हुई, जहां से पुलिस ने राकेश कुमार को गिरफ्तार किया। वह पहले भी इसी तरह के मामलों में पकड़ा जा चुका है और मौसमी सामानों का थोक व्यापारी है। उसके पास से 275 किलो पटाखे जब्त किए गए।
🚨 CENTRAL RANGE CRIME BRANCH BIG BUST! 🚨
— Crime Branch Delhi Police (@CrimeBranchDP) September 30, 2025
💥 423 KG BANNED FIRECRACKERS SEIZED! 💥
👥 3 accused arrested in Sadar Bazar & M.S. Park, Shahdara
⚖️ FIRs registered under Explosives Act & BNS
🌍 Protecting lives & the environment as per Hon’ble SC orders
💪 Successful operation… pic.twitter.com/3XnIwS2tet
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों कार्रवाइयों में कुल 423 किलो पटाखे बरामद किए गए। सुप्रीम कोर्ट और प्रदूषण नियंत्रण एजेंसियों के आदेशों के तहत त्योहारों में अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण रोकने के लिए पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
