नई दिल्ली: वेस्ट दिल्ली के तिलक नगर थाना क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज डबल मर्डर की वारदात सामने आई है। ख्याला थाना के पास हुई इस घटना में दो दोस्तों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही ख्याला थाना और तिलक नगर थाना की पुलिस टीमें घटनास्थल पर पहुँच गईं और मामले की छानबीन शुरू की।
मृतकों की पहचान संदीप और आरिफ के रूप में हुई है। ये दोनों ख्याला बी ब्लॉक के निवासी थे और एक ही गली में अपने परिवार के साथ रहते थे। दोनों ही शादीशुदा थे और उनके बच्चे भी हैं। संदीप प्रॉपर्टी का बिजनेस करता था और पहले जिम ट्रेनर भी रह चुका था। दोनों गहरे दोस्त थे और उनका साथ उठना-बैठना था।
पुलिस ने दोनों शवों को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
