भरतपुर: राजस्थान के भरतपुर जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ धर्म परिवर्तन और दहेज की मांग से तंग आकर एक नवविवाहिता ने आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान मंजा देवी के रूप में हुई है, जिसकी जनवरी 2025 में पडिसल थाना क्षेत्र के खैरथल निवासी लक्ष्मण राजपूत से शादी हुई थी।
मृतका ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसमें उसने ससुराल वालों पर जबरन ईसाई धर्म अपनाने के लिए मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है। वीडियो में उसने साफ तौर पर कहा कि उसे उसके ससुराल गांव पडिसल में धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जा रहा था।
परिजनों के अनुसार, मंजा ने जब यह बात अपने माता-पिता को बताई तो उन्होंने गांव के पंच-पटेलों के साथ ससुराल जाकर बात की, लेकिन ससुराल वाले धर्म परिवर्तन की जिद पर अड़े रहे और बाद में घर छोड़कर फरार हो गए।
मंजा अपने मायके, गांव तालिमपुर लौटी और वहीं उसने आत्महत्या कर ली। परिजनों ने आरोप लगाया है कि लगातार समझाने के बावजूद ससुराल वाले धर्म परिवर्तन और दहेज की मांग पर अड़े रहे, जिससे मंजा डिप्रेशन में चली गई और जान दे दी।
फिलहाल सदर थाना पुलिस ने मृतका के पिता उदय सिंह की शिकायत पर धर्म परिवर्तन और दहेज प्रताड़ना की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
