बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर जनपद पंचायत में शासकीय राशि की हेराफेरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) श्रवण मरकाम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार यह मामला वर्ष 2013-14 का है, जब श्रवण मरकाम वाड्रफनगर जनपद पंचायत में CEO के पद पर पदस्थ थे। आरोप है कि इस दौरान कुटरचित दस्तावेज तैयार कर लाखों रुपये की शासकीय राशि का गबन किया गया। मामले की जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई थी।
इस प्रकरण में पूर्व में चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। हालांकि, मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश अब भी जारी है। पुलिस का कहना है कि शासकीय धन के दुरुपयोग से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
वाड्रफनगर पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए वित्तीय अनियमितताओं के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
