बालोद: बालोद जिले के भाठागांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां मामूली बात पर विवाद के बाद एक युवक की उसके ही दोस्तों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान भाठागांव निवासी के रूप में हुई है, जबकि दोनों आरोपी भी बालोद जिले के ही बिरेतरा और पीपरछेड़ी गांव के रहने वाले हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक और दोनों आरोपी हैदराबाद में मजदूरी करते थे। रात के बचे हुए मछली चावल को कुत्ते को खिलाने को लेकर तीनों दोस्तों के बीच विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया।
चाकू लगने के बाद युवक काफी देर तक इलाज के लिए तड़पता रहा। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक का मौत से पहले अस्पताल में तड़पते हुए एक वीडियो भी सामने आया है, जो इस घटना की भयावहता को दर्शाता है।
इस घटना से इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। मामूली विवाद में हुई इस हत्या ने दोस्ती के रिश्ते को तार-तार कर दिया है।
