आगरा: आगरा के थाना सदर क्षेत्र से एक बेहद ही शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पड़ोस में रहने वाले युवक पर नहाते हुए अश्लील वीडियो बनाने और फिर उसे ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है।
पीड़ित महिला के अनुसार, उनके घर का सबमर्सिबल खराब हो गया था, जिसके चलते वह पड़ोस में स्थित जेठ के घर नहाने गई थीं। इसी दौरान, पड़ोस में रहने वाले शुभम नामक युवक ने चुपके से उनका नहाते हुए वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
वीडियो बनाने के बाद आरोपी शुभम ने महिला को यह वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ छेड़खानी भी की। इसके बाद महिला ने पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी।
परिजनों के साथ महिला थाने पहुँची और शुभम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शुरुआती दौर में युवक को थाने बुलाकर दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था। हालांकि, समझौते के कुछ ही दिनों बाद आरोपी ने फिर से महिला को परेशान करना शुरू कर दिया। इसके बाद महिला ने दोबारा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने अब आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस फिलहाल आरोपी शुभम की तलाश कर रही है।
