Stock Market Holiday: देश भर में दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी मौके पर शेयर बाजार में भी खास उत्साह देखने को मिलता है। दिवाली के दिन बीएसई (Bombay Stock Exchange) और एनएसई (National Stock Exchange) में ‘मुहूर्त ट्रेडिंग’ का आयोजन किया जाता है, जिसे बहुत शुभ माना जाता है।
आज यानी 20 अक्टूबर को शेयर बाजार सामान्य तरीके से खुला रहेगा, लेकिन कल यानी 21 अक्टूबर को दिवाली के कारण बाजार बंद रहेगा। हालांकि, उसी दिन शाम को एक घंटे के लिए ‘मुहूर्त ट्रेडिंग’ होगी। इस खास ट्रेडिंग सत्र को नया साल शुरू होने का प्रतीक माना जाता है, जहां निवेशक छोटी-बड़ी खरीदारी करते हैं ताकि आने वाला साल समृद्धि और सौभाग्य लेकर आए।
मुहूर्त ट्रेडिंग कब और कितने बजे होगी?
इस साल मुहूर्त ट्रेडिंग मंगलवार, 21 अक्टूबर को होगी। यह सत्र दोपहर 1:45 बजे से 2:45 बजे तक चलेगा। इससे पहले 1:30 बजे से ‘प्री-ओपन’ सत्र शुरू होगा। इस दौरान निवेशक सीमित समय में खरीद और बिक्री करते हैं। इसे सिर्फ एक परंपरा नहीं बल्कि एक शुभ शुरुआत माना जाता है।
हर साल की तरह इस बार भी निवेशक उम्मीद कर रहे हैं कि मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान बाजार में सकारात्मक माहौल रहेगा। आम तौर पर इस एक घंटे के सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान पर बंद होते हैं।
शेयर बाजार की छुट्टियां
बीएसई और एनएसई के कैलेंडर के अनुसार, साल 2025 में कुल 14 आधिकारिक छुट्टियां तय की गई हैं। इनमें से एक छुट्टी दिवाली के मौके पर 21 अक्टूबर को है। इसके अलावा 22 अक्टूबर को बाजार पूरी तरह बंद रहेगा।
मुहूर्त ट्रेडिंग भारतीय शेयर बाजार की एक पुरानी और शुभ परंपरा है। यह न सिर्फ धन निवेश का प्रतीक है, बल्कि नए साल में अच्छे भाग्य और तरक्की की कामना का भी अवसर है।
