सनी देओल की फिल्म ‘बॉर्डर 2’ जिसका फैंस पिछले 29 साल से इंतज़ार कर रहे थे, उसकी रिलीज़ उम्मीद के मुताबिक नहीं हो सकी। 23 जनवरी, शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई इस फिल्म को पहले ही दिन तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मुंबई समेत देश के कई शहरों में सुबह के शो कैंसिल करने पड़े, जिससे फैंस में निराशा और गुस्सा देखने को मिला। सोशल मीडिया पर लोगों ने थिएटरों और फिल्म डिस्ट्रिब्यूशन सिस्टम पर सवाल उठाए।
सबसे ज्यादा दिक्कत उस वक्त हुई जब दर्शक सुबह कड़ाके की ठंड में थिएटर पहुंचे और उन्हें बताया गया कि फिल्म की स्क्रीनिंग फिलहाल नहीं हो सकती। मुंबई के बोरीवली स्थित मैक्सस सिनेमा में सुबह 7:30 और 8:00 बजे वाले शो रद्द कर दिए गए। दर्शकों ने कहा कि वे हफ्तों से पहले दिन का पहला शो देखने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन थिएटर पहुंचकर पता चला कि फिल्म का कंटेंट ही थिएटर तक नहीं पहुंचा है।
फिल्म के पहले शो रद्द होने की वजह भी सामने आ गई है। थिएटर मैनेजमेंट ने टिकट धारकों को मैसेज भेजकर बताया कि ‘बॉर्डर 2’ की कंटेंट डिलीवरी में देरी हुई है। यानी फिल्म की डिजिटल फाइलें समय पर थिएटरों तक नहीं पहुंच पाईं, जिसके कारण मॉर्निंग शो चलाना संभव नहीं था। कई थिएटरों ने दर्शकों को आश्वासन दिया है कि उन्हें अगले शोज में एडजस्ट किया जाएगा या फिर रिफंड उपलब्ध कराया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म का फाइनल कंटेंट गुरुवार देर रात तक तैयार नहीं था। UFO Moviez जैसे कंटेंट डिलीवरी प्लेटफ़ॉर्म ने सिनेमाघरों को पहले ही सूचित कर दिया था कि कंटेंट देर से डाउनलोड होगा। एक वरिष्ठ ट्रेड एनालिस्ट ने भी बताया कि कंटेंट की स्थिति को देखते हुए मॉर्निंग शो होना ‘बहुत मुश्किल’ था। रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि डाउनलोड की प्रक्रिया सुबह 6:30 बजे शुरू हुई, जबकि फिल्म का रनटाइम 192 मिनट का है। ऐसे में कंटेंट को डिक्रिप्ट और प्ले के लिए तैयार करने में 3 से 4 घंटे का समय लगना तय था, जिसकी वजह से भारत के कई हिस्सों में सुबह 8 बजे या 9 बजे के शो की शुरुआत संभव नहीं हो पाई।
‘बॉर्डर 2’ को लेकर दर्शकों में काफी उम्मीदें हैं। अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म 1997 की सुपरहिट ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है। इस बार सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी जैसे नए चेहरे भी सेना के रूप में दिखाई देंगे। कहानी 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध से जुड़ी एक और अनसुनी दास्तां पर आधारित है।
