वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने मंगलवार को एक बार फिर भारत को लेकर बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे पूरी तरह खुश नहीं हैं, क्योंकि रूस से तेल की खरीद कम करने के कारण भारत को अमेरिका की ओर से भारी टैरिफ का सामना करना पड़ रहा है।
हाउस रिपब्लिकन पार्टी के सदस्यों की बैठक को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके संबंध बहुत अच्छे हैं, लेकिन मौजूदा हालात में मोदी उनसे कुछ नाराज़ हैं। ट्रंप के मुताबिक, रूस से तेल का व्यापार न करने की वजह से भारत को अब ज्यादा टैरिफ देना पड़ रहा है, जिससे असंतोष की स्थिति बनी हुई है।
ट्रंप ने अपने संबोधन में यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी उनसे मिलने खुद आए थे। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी मुझसे मिलने आए और बोले – ‘महोदय, क्या मैं आपसे मिल सकता हूं?’ हमारे संबंध हमेशा से अच्छे रहे हैं।” हालांकि, ट्रंप ने दोहराया कि टैरिफ के मुद्दे को लेकर मोदी उनसे उतने खुश नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने अब रूस से तेल की खरीद को काफी हद तक कम कर दिया है।
गौरतलब है कि अमेरिका ने भारत पर कुल 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया है, जिसमें 25 प्रतिशत टैरिफ रूसी तेल की खरीद से जुड़ा हुआ है। ट्रंप ने इस दौरान रक्षा सौदों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि भारत ने अमेरिका से 68 अपाचे हेलीकॉप्टरों का ऑर्डर दिया है, लेकिन डिलीवरी को लेकर काफी समय से इंतजार करना पड़ रहा है।
ट्रंप ने कहा कि भारत ने उन्हें बताया है कि वह पिछले पांच साल से अपाचे हेलीकॉप्टरों की प्रतीक्षा कर रहा है। इस पर ट्रंप ने भरोसा दिलाया कि इस स्थिति को बदला जाएगा और डिलीवरी प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी। उनके इस बयान को भारत-अमेरिका संबंधों, व्यापार और रक्षा सहयोग के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
