धनुष और कृति सेनन स्टारर रोमांटिक ड्रामा फ़िल्म ‘तेरे इश्क में’ का जादू लगातार बॉक्स ऑफिस पर चलता हुआ नजर आ रहा है। वीकेंड के बाद भी दर्शक बड़ी संख्या में सिनेमाघरों में पहुंच रहे हैं, जिसके चलते फिल्म की कमाई में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। रिलीज के पांचवें दिन फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है और अब यह फिल्म ग्लोबली 100 करोड़ क्लब में शामिल होने से बस कुछ कदम दूर है।
कमाई में आया बड़ा उछाल
रिलीज के पांचवें दिन ‘तेरे इश्क में’ के वर्ल्डवाइड कलेक्शन में एक बड़ा उछाल देखने को मिला है, जिसकी वजह से यह फिल्म अब पूरी दुनिया में ₹100 करोड़ के जादुई आंकड़े को छूने के बहुत करीब पहुँच गई है।
निर्देशक आनंद एल राय की यह मूवी सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी धुआंधार तरीके से पैसे कमा रही है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, रिलीज के पांचवें दिन फिल्म ने भारत में ₹10 करोड़ से ज्यादा की कमाई की। पाँच दिनों में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन अब ₹87 करोड़ के पार पहुँच गया है। ₹100 करोड़ के आंकड़े तक पहुँचने के लिए इस फिल्म को अब केवल ₹13 करोड़ की और जरूरत है।
बजट से ज्यादा कमाया
‘तेरे इश्क में’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन ₹90 करोड़ के नजदीक पहुँचने के साथ ही इस फिल्म ने अपना बजट निकाल लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म की लागत ₹65 से ₹70 करोड़ के आसपास बताई जा रही है। इसका मतलब है कि फिल्म ने नेट कलेक्शन में भी अपना बजट पार कर लिया है।
सामने है बड़ी चुनौती
हालांकि, अब फिल्म के सामने एक बड़ी चुनौती है। दो दिन बाद रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ‘धुरंधर’ के आने से ‘तेरे इश्क में’ की कमाई पर असर पड़ सकता है। इसलिए, धनुष की इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर फटाफट कमाई करनी होगी। ‘धुरंधर’ के साथ मुकाबले में ‘तेरे इश्क में’ की असली परीक्षा शुक्रवार को होगी।
