दमोह, मध्य प्रदेश: नोहटा थाना क्षेत्र के हरदुआ गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक अनियंत्रित ट्रक सीधे एक घर में जा घुसा, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा दमोह-जबलपुर हाइवे पर हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की गति तेज थी और वह अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया। घर में घुसने से पहले ट्रक ने दो राहगीरों को कुचल दिया, जिनकी मौके पर ही जान चली गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और उन्होंने हाइवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया है। ट्रक को हटाने के लिए हाइड्रा मशीन मंगवाई गई है।
स्थिति फिलहाल तनावपूर्ण बनी हुई है और पुलिस प्रशासन लोगों को समझाकर जाम खुलवाने की कोशिश कर रहा है।
