नोएडा: स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने नीट यूजी (NEET UG) परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को पास कराने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसटीएफ ने इस मामले में तीन आरोपियों – विक्रम कुमार साह, धर्मपाल सिंह और अनिकेत कुमार – को नोएडा के सेक्टर-3 से गिरफ्तार किया है।
जांच में पता चला है कि इन आरोपियों ने नोएडा सेक्टर-3 के पते पर SHREYANVI EDU OPC PVT LTD नाम से एक कंपनी पंजीकृत कराकर अपना कार्यालय चलाया हुआ था। एसटीएफ ने इनके कब्जे से कॉलिंग करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले 6 मोबाइल फोन, 4 व्यक्तिगत मोबाइल फोन, बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का डेटा और एक फॉर्च्यूनर कार बरामद की है।
यह गिरोह नीट परीक्षा में पास कराने के नाम पर प्रत्येक अभ्यर्थी से पांच लाख रुपए की मांग करता था। ये लोग अभ्यर्थियों से यह रकम सीधे उनके बैंक खाते में या पोस्ट-डेटेड चेक (PDC) के माध्यम से लेते थे।
ठगी का इनका तरीका भी चौंकाने वाला था। ये अभ्यर्थियों से कहते थे कि परीक्षा देते समय जितने प्रश्नों के उत्तर उन्हें आते हैं, केवल उन्हीं को ओएमआर शीट में भरें और बाकी गोले खाली छोड़ दें। इसके बाद ये उस ओएमआर शीट को निकलवाकर उसमें सही उत्तर भर देने का दावा करते थे।
अभ्यर्थी का यदि मेडिकल कॉलेज में प्रवेश हो जाता था, तो यह पैसा गिरोह का हो जाता था। यदि प्रवेश नहीं हो पाता था, तो ये लोग पैसा वापस करने में आनाकानी करते थे, टालमटोल करते थे और ज्यादा दबाव पड़ने पर अपना ठिकाना बदलकर फरार हो जाते थे। एसटीएफ अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
