नई दिल्ली: Zepto, BigBasket, Zomato, मीशो और फार्मईजी सहित 26 बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों ने उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय को हलफनामा दिया है कि वे अपने प्लेटफॉर्म पर डार्क पैटर्न्स का इस्तेमाल नहीं कर रही हैं। मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
कई ई-कॉमर्स कंपनियाँ ग्राहकों को धोखा देने और उनसे ऐसी खरीदारी करवाने के लिए कुछ भ्रामक डिजाइन या तरीके (डार्क पैटर्न्स) इस्तेमाल करती हैं। इन ट्रिक्स में उपभोक्ता के सामने झूठी ज़रूरत का माहौल बनाना, उसकी ऑनलाइन शॉपिंग कार्ट में घुमा फिराकर एक्स्ट्रा आइटम जोड़ देना (बास्केट स्नीकिंग), या कोई प्रोडक्ट या सर्विस लेने के लिए दबाव बनाने की कन्फर्म शेमिंग जैसी हरकते शामिल हैं।
CCPA ने जारी किए थे दिशा-निर्देश
सेंट्रल कंस्यूमर प्रोटेक्शन अथॉरिटी (CCPA) ने इस साल 5 जून को सभी ई-कॉमर्स कंपनियों को निर्देश दिया था कि वे अपने यहाँ खुद जाँच करें और यह घोषणा करें कि लोगों को झाँसा देने वाली ऐसी कोई भी चीज़ उनके यहाँ नहीं हो रही है। CCPA ने इनसे डार्क पैटर्न्स के खिलाफ 2023 की गाइडलाइंस का पालन करने को कहा था।
CCPA ने अपनी गाइडलाइंस में 13 तरह के डार्क पैटर्न्स की पहचान की थी। इनमें बास्केट स्नीकिंग, कन्फर्म शेमिंग, फोस्र्ड एक्शन, सब्सक्रिप्शन ट्रैप, इंटरफेस इंटरफेरेंस, बेट एंड स्विच, ड्रिप प्राइसिंग और ट्रिक बर्डिंग जैसी हरकतों का ज़िक्र किया गया था। सरकार ने ये गाइडलाइंस 30 नवंबर 2023 को जारी की थी।
‘सेल्फ डिक्लेरेशन’ देने वाले प्लेटफॉर्म
मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि 26 प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स ने सेल्फ डिक्लेरेशन लेटर दिए हैं, जिनमें कहा गया है कि वे डार्क पैटर्न के खिलाफ 2023 के दिशानिर्देशों का पूरी तरह पालन कर रहे हैं।
सेल्फ डिक्लेरेशन देने वालों में जॉकी बैंड वाली पेज इंडस्ट्रीज, Flipkart, Myntra, Hamleys, MakeMyTrip, Reliance Digital, Jockey, Netmeds, Blinkit, Swiggy, Ajio, Tata 1mg और Walmart India सहित 26 प्लेटफॉर्म शामिल हैं।
CCPA ने सभी अन्य ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स और ऐप डेवलपर्स से भी ऐसा ही कदम उठाने को कहा है। अथॉरिटी ने ज़ोर दिया कि “भारत में काम कर रहे हर बिजनेस को ध्यान रखना होगा कि मैनिपुलेट करने की हरकतें कंस्यूमर को नुकसान पहुँचाती हैं”। उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए ‘जागो ग्राहक जागो’ ऐप भी उपभोक्ता की ऑनलाइन एक्टिविटी के दौरान के सभी URL के बारे में ई-कॉमर्स से जुड़ी जानकारी देता है और अलर्ट करता है।
