बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा के फैंस के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। एक्टर को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है और अब वे घर पर आराम कर रहे हैं। अस्पताल से निकलते समय गोविंदा ने मुस्कुराते हुए पैपराज़ी को पोज दिए और हाथ हिलाकर अभिवादन किया। उन्हें स्वस्थ और ऊर्जावान देखकर फैंस के चेहरे पर भी मुस्कान लौट आई।
गोविंदा के वकील और करीबी दोस्त ललित बिंदल ने बताया कि अभिनेता के सभी मेडिकल टेस्ट की रिपोर्ट्स नॉर्मल आई हैं और चिंता की कोई बात नहीं है। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें डिस्चार्ज करने का निर्णय लिया।
ललित बिंदल के अनुसार, पिछले कुछ समय से गोविंदा का शेड्यूल बेहद बिजी और थकाने वाला रहा, जिसके चलते उन्हें चक्कर आने और थकावट महसूस हुई थी। डॉक्टरों ने उन्हें अब आराम करने और डाइट पर ध्यान देने की सलाह दी है।
वर्तमान में गोविंदा घर पर हैं और बेहतर महसूस कर रहे हैं। उन्होंने अपने प्रशंसकों की शुभकामनाओं और दुआओं के लिए दिल से आभार व्यक्त किया है। फैंस सोशल मीडिया पर उनके जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
