Bilaspur Train Accident: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार को हुए भीषण रेल हादसे के बाद अब इसकी उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (CRS) इस घटना की जांच करेंगे। जांच का काम कल, 6 नवंबर (गुरुवार) से शुरू होगा। जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि लाल खदान स्टेशन के पास हुआ यह भीषण हादसा आखिर किन कारणों से हुआ और इसमें किसकी लापरवाही थी।
मंगलवार को बिलासपुर के लाल खदान क्षेत्र में मालगाड़ी और पैसेंजर MEMU ट्रेन की टक्कर से बड़ा हादसा हुआ था। इस टक्कर में 8 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए थे। हादसे के बाद रेलवे और जिला प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया था। मृतकों की पहचान हो चुकी है, वहीं घायलों का इलाज सिविल और अपोलो अस्पताल में चल रहा है।
रेल मंत्रालय ने हादसे को गंभीर मानते हुए उच्चस्तर पर जांच के निर्देश दिए हैं। CRS की टीम कल से मौके का निरीक्षण करेगी और घटना से जुड़े सभी जिम्मेदार कर्मचारियों, अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जाएगी। जांच में सिग्नलिंग सिस्टम, ट्रेन संचालन में मानवीय त्रुटि, तकनीकी खराबी और सुरक्षा मानकों की अनुपालना जैसे सभी बिंदु शामिल होंगे।
जांच पूरी होने के बाद रेलवे रिपोर्ट तैयार करेगा, जिसमें यह स्पष्ट किया जाएगा कि हादसे की वास्तविक वजह क्या थी और इसमें किसकी गलती रही। इसके बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने कहा है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
