Amazon Layoff: मंगलवार सुबह अमेरिका की बड़ी टेक कंपनी अमेज़न (Amazon) के हजारों कर्मचारियों को अचानक मोबाइल पर एक मैसेज मिला कि उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया है। यह खबर सुनते ही कई लोग हैरान रह गए क्योंकि ये मैसेज ऑफिस पहुंचने से पहले ही भेज दिए गए थे।
मैसेज में कर्मचारियों से कहा गया कि वे अपनी ईमेल चेक करें या फिर अपनी नौकरी की स्थिति जानने के लिए हेल्प डेस्क से संपर्क करें। कंपनी ने बताया कि यह छंटनी उनके बड़े बदलाव के हिस्से के रूप में की गई है, जिसमें करीब 14,000 कॉर्पोरेट पद खत्म किए जा रहे हैं।
ज्यादातर निकाले गए लोग रिटेल मैनेजर के पद पर काम कर रहे थे। अमेज़न की एचआर हेड बेथ गैलेटी ने एक मैमो में बताया कि प्रभावित कर्मचारियों को 90 दिन तक पूरा वेतन और सुविधाएं मिलेंगी और इसके बाद सेवरेन्स पैकेज (यानी मुआवजा) भी दिया जाएगा।
गैलेटी ने अपने ब्लॉग में लिखा कि यह कदम इसलिए उठाया गया क्योंकि अब कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) तेजी से आगे बढ़ रही है और कंपनियां पहले से कहीं ज़्यादा तेज़ी से काम कर पा रही हैं। उन्होंने कहा, “दुनिया बहुत तेजी से बदल रही है। AI अब इंटरनेट के बाद सबसे बड़ा बदलाव है।”
कोविड के बाद से ही अमेज़न अपने खर्च घटा रही है। कंपनी ने अनावश्यक प्रोजेक्ट बंद किए, कर्मचारियों की संख्या कम की, और अब ज़्यादातर कर्मचारियों को सप्ताह में पांच दिन ऑफिस से काम करने के लिए कहा है।
इससे पहले भी अमेज़न ने अपनी रिटेल और क्लाउड डिवीज़न (Amazon Web Services) में छंटनी की थी। टेक दुनिया की दूसरी कंपनियाँ जैसे माइक्रोसॉफ्ट और मेटा (Facebook) भी यही कर रही हैं। माइक्रोसॉफ्ट ने 15,000 कर्मचारियों की छंटनी, और मेटा ने भी AI की वजह से कई नौकरियाँ खत्म करने की घोषणा की है।
