Ayodhya Deepotsav 2025: अयोध्या में दीपोत्सव 2025 की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इस बार रामनगरी एक बार फिर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ने जा रही है। राम की पैड़ी के सभी 56 घाटों पर दीयों की सजावट पूरी हो चुकी है। इस वर्ष 26 लाख 11 हजार 101 दीप जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया जाएगा। अयोध्या इन दीपों की रोशनी में ऐसे नहाएगी, मानो धरती पर साक्षात स्वर्ग उतर आया हो।
नौवें दीपोत्सव में इस बार अयोध्या केवल दीपों की रोशनी से ही नहीं, बल्कि डिजिटल आभा से भी जगमगाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शहर को एक आधुनिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक नगरी के रूप में तैयार किया जा रहा है। रामलला के भव्य मंदिर में विराजमान होने के बाद अयोध्या में परंपरा और तकनीक का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। धर्मपथ, लता चौक, रामकथा पार्क और सरयू घाट जैसे स्थलों पर रोशनी की मनमोहक छटा हर आगंतुक को मंत्रमुग्ध कर देगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस बार दीपोत्सव ऐसा होना चाहिए जो अयोध्या की परंपरा, पर्यटन और तकनीकी प्रगति का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचाए। उनका उद्देश्य है कि दीपोत्सव न केवल धार्मिक आयोजन बने, बल्कि “नवभारत की नई अयोध्या” का प्रतीक भी बने।
दीपों की रोशनी और डिजिटल तकनीक का यह संगम अयोध्या को विश्व के पर्यटन मानचित्र पर और भी सशक्त बनाएगा। श्रद्धालु दिव्य राममंदिर का दर्शन करने के साथ डिजिटल माध्यम से रामायण के अद्भुत प्रसंगों का अनुभव भी करेंगे। यह दीपोत्सव अब केवल एक पर्व नहीं रहा, बल्कि भारत की आस्था, संस्कृति और तकनीकी प्रगति का अनोखा उत्सव बन गया है।
अयोध्या की यह जगमगाती छटा न केवल भारतवासियों के लिए गर्व का विषय होगी, बल्कि पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा का प्रतीक बनेगी।
