Dhanteras 2025: हिंदू धर्म में धनतेरस का बहुत खास महत्व होता है, जो इस बार 18 अक्टूबर, शनिवार को पड़ रही है। वहीं, 19 अक्टूबर को भी त्रयोदशी तिथि व्याप्त हो रही है। ऐसे में अगर आप 18 अक्टूबर को खरीदारी न कर पाएं तो अगले दिन 19 अक्टूबर को शुभ मुहूर्त में खरीदारी कर सकते हैं।
यह पावन पर्व आरोग्य के देवता भगवान धन्वंतरि, धन के देवता कुबेर और माता लक्ष्मी की पूजा के लिए समर्पित है। इस दिन इनकी विधिवत पूजा करने से आरोग्य की प्राप्ति होती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। मान्यता है कि धनतेरस के दिन खरीदारी करना बेहद शुभ होता है। इस शुभ दिन पर कुछ विशेष चीजें घर लाने से माता लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं। इससे धन-धान्य में वृद्धि होती है और जीवन से दुर्भाग्य दूर हो सकता है।
पंचांग के अनुसार, इस साल धनतेरस का त्य़ोहार 18 अक्टूबर 2025, शनिवार के दिन मनाया जाएगा। आइए जानते हैं कि इस शुभ दिन पर किन-किन चीजों की खरीदारी करने से आपका धन 13 गुना बढ़ सकता है और घर में सुख-समृद्धि बनी रह सकती है।
धनतेरस पर 13 गुना धन वृद्धि के लिए खरीदें ये 11 शुभ चीजें:
कुबेर यंत्र
धनतेरस के दिन कुबेर यंत्र को खरीदना अत्यंत शुभ माना जाता है। इसे घर, दुकान के गल्ले या तिजोरी में रखने से धन और समृद्धि आती है। मान्यता है कि इस उपाय से धन की कमी दूर होती है और आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।
देवी लक्ष्मी और भगवान गणेश की मूर्ति
इस दिन भगवान गणेश और देवी लक्ष्मी की मूर्तियों की खरीदारी करना शुभ माना जाता है। नई मूर्ति घर लाने और उनकी विधिवत पूजा करने से घर में धन, अन्न और सुख की कभी कमी नहीं होती। माता लक्ष्मी समृद्धि और सौभाग्य की देवी हैं, जिनकी कृपा से जीवन में उन्नति और शांति बनी रहती है।
साबुत धनिया
ऐसी मान्यता है कि धनिया धन में वृद्धि का संकेत होता है। ऐसे में धनतेरस के दिन धनिया खरीदकर जरूर लाना चाहिए। इसे माता लक्ष्मी को अर्पित करें और उसमें से कुछ दाने निकालकर अपने गमले में बो दें। कहा जाता है कि अगर बोए हुए धनिया से पौधा निकल आए तो जातक के घर में हमेशा सुख-समृद्धि बनी रहती है।
सुपारी
माना जाता है कि धनतेरस के दिन पूजा में सुपारी प्रयोग करना बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसके बिना पूजा अधूरी मानी जाती है। शास्त्रों में सुपारी को यमदेव, ब्रह्मदेव, इंद्रदेव और वरुण देव का प्रतीक बताया गया है। पूजा में प्रयोग की गई सुपारी को उठाकर अपनी तिजोरी या धन रखने वाले स्थान पर रखना शुभ माना जाता है।
बताशा
धनतेरस के शुभ अवसर पर घर में बताशा जरूर खरीदकर लाना चाहिए और इसे माता लक्ष्मी को भोग के रूप में चढ़ाएं। मान्यता है कि बताशा मां लक्ष्मी का प्रिय भोग है। श्रद्धापूर्वक पूजा करने के साथ-साथ देवी के बताशे का भोग लगाने से जातक के जीवन से दुर्भाग्य दूर हो सकता है।
चांदी की सिंदूर दानी
सोने-चांदी के बड़े आइटम खरीदना थोड़ा मुश्किल है, ऐसे में आप चांदी की छोटी सी सिंदूर दानी खरीद सकते हैं। इसे किसी सुहागिन बहन-बेटी या पत्नी को गिफ्ट करना भी शुभ माना जाता है।
पीतल के बर्तन
अगर आप सोना या चांदी न खरीद पाएं तो पीतल का सामान भी खरीद सकते हैं। धनतेरस के दिन पीतल से बने बर्तन को घर लाना भी शुभ माना जाता है। इससे माता लक्ष्मी प्रसन्न हो सकती हैं और जीवन में हमेशा सुख-समृद्धि बनी रहती है।
कपूर
धनतेरस के दिन कपूर खरीदकर लाना चाहिए और माता लक्ष्मी, कुबेर देवता और भगवान धन्वंतरि की कपूर के साथ विधि-विधान से पूजा करें। कपूर घर लाकर इससे पूजा करने से घर के अंदर से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है।
झाड़ू
धनतेरस के त्योहार पर झाड़ू घर लाने का विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि झाड़ू माता लक्ष्मी का स्वरूप है। इस दिन झाड़ू को घर लाने से माता लक्ष्मी का भी प्रवेश माना जाता है। इससे घर की नकारात्मकता दूर होती है और आर्थिक तंगी से राहत मिल सकती है।
पान के पत्ते
पान के पत्तों का हिंदू धर्म में खास महत्व होता है। शास्त्रों में इन्हें धनतेरस की पूजा के लिए बेहद जरूरी बताया गया है। मान्यता है कि पान के पत्ते में देवी-देवताओं का वास होता है। इन्हें घर लाने से देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त होता है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।
सोना-चांदी
धनतेरस पर सोने-चांदी के आभूषण या सिक्के खरीदना सबसे शुभ माना जाता है। इससे घर में धन का संचार बढ़ता है और सौभाग्य आता है।
इस प्रकार, धनतेरस न केवल आर्थिक समृद्धि का प्रतीक है बल्कि यह स्वास्थ्य, सुख और घर की सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाने का भी शुभ अवसर है। इस दिन की खरीदारी और पूजा विधि-पूर्वक करने से जीवन में हर प्रकार की खुशहाली बनी रहती है।
