मुंबई: मुंबई में अक्टूबर 2025 के लिए साइबर जागरूकता माह का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार मौजूद थे। कार्यक्रम महाराष्ट्र पुलिस मुख्यालय में आयोजित किया गया।
अक्षय कुमार ने इस दौरान अपनी बेटी नितारा से जुड़ी साइबर क्राइम की घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कुछ महीनों पहले उनकी बेटी ऑनलाइन गेम खेल रही थी, जिसमें अजनबी लोगों से संपर्क हुआ। शुरुआत में मैसेज में तारीफ की गई, लेकिन फिर लोकेशन पूछी गई और बाद में अश्लील फोटोज की मांग की गई। अक्षय ने कहा कि उनकी बेटी ने इस बारे में अपनी मां से बात की, अन्य मामलों में यह संभव नहीं होता।
अक्षय कुमार ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि स्कूलों में बच्चों को साइबर सुरक्षा के बारे में शिक्षा दी जाए, जैसे वे इतिहास और गणित पढ़ते हैं। उनका कहना था कि डिजिटल दुनिया की समझ बच्चों के लिए जरूरी है और यह जागरूकता उन्हें साइबर खतरों से बचा सकती है।
बता दें कि अक्षय की बेटी नितारा केवल 12 साल की हैं। अभिनेता हमेशा कोशिश करते हैं कि मीडिया से उनकी बेटी सुरक्षित रहे और सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें साझा करते समय चेहरे को छिपाया जाता है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य भी बच्चों और अभिभावकों में साइबर सुरक्षा और डिजिटल जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
