नई दिल्ली: रक्षा पेंशन प्रशासन प्रणाली स्पर्श (SPARSH) ने पेंशन संबंधी पुरानी विसंगतियों का समाधान करते हुए पेंशनभोगियों को बड़ी राहत दी है। अब तक 6.43 लाख मामलों में से 5.60 लाख (87%) का निपटारा किया जा चुका है। शिकायतों के समाधान का औसत समय भी अप्रैल 2025 के 56 दिनों से घटकर केवल 20 दिन रह गया है। वर्तमान में भारत और नेपाल के 31.54 लाख रक्षा पेंशनभोगी इस प्रणाली से जुड़े हुए हैं।
पिछले एक साल में 100 से अधिक आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए गए। अब तक 211 स्पर्श आउटरीच कार्यक्रम और 193 रक्षा पेंशन समाधान आयोजन (आरपीएसए) हो चुके हैं। अखिल भारतीय पेंशन अदालतों में भी स्पर्श ने सक्रिय भूमिका निभाई और सैकड़ों शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया।
मई 2025 में पेंशन मामलों की स्वतः जांच के तहत 48 पेंशनभोगियों को 3.02 करोड़ रुपये जारी किए गए। वहीं वित्त वर्ष 2024-25 में 1,57,681 करोड़ रुपये का रक्षा पेंशन बजट स्पर्श के माध्यम से वास्तविक समय पर वितरित किया गया। जुलाई 2024 में वन रैंक वन पेंशन (OROP)-III लागू होने पर मात्र 15 दिनों में 20.17 लाख लाभार्थियों को 1,224.76 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए।
स्पर्श आज दुनिया की सबसे बड़ी रक्षा पेंशन प्रणाली है, जो पारदर्शिता, समावेशन और कुशलता का प्रतीक बन चुकी है। वर्तमान में 202 रक्षा लेखा विभाग (DAD) कार्यालय, 4.63 लाख सामान्य सेवा केंद्र और 5,200 से अधिक बैंक शाखाएँ स्पर्श सेवा केंद्र के रूप में कार्य कर रही हैं।
