नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने हथियार तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान मध्य प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय सिंडिकेट के दो प्रमुख सदस्यों, मुर्तजा खत्री और वसीम कुरैशी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से 15 अवैध पिस्टल बरामद की हैं, जिनमें से 8 मुर्तजा खत्री और 7 वसीम कुरैशी से मिलीं।
जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले 4-5 वर्षों से हथियारों की तस्करी में शामिल हैं और मध्य प्रदेश के सप्लायर से अवैध हथियार खरीदकर दिल्ली और एनसीआर में सप्लाई करते थे। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी एक पिस्तौल 15,000 रुपये में खरीदते और 25,000 रुपये तक में बेचते थे।
आरोपी मुर्तजा खत्री और वसीम कुरैशी दोनों ही मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के रहने वाले हैं। खत्री ने तीसरी कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी, जबकि कुरैशी आठवीं में फेल होने के बाद पढ़ाई छोड़कर अपने परिवार के साथ मटन की दुकान चलाने लगा। यहीं से वे अपराध की दुनिया में आए और हथियार सप्लायरों से जुड़ गए।
स्पेशल सेल ने बताया कि आरोपी पिस्तौलों की खेप लेकर दिल्ली के बुराड़ी इलाके में पहुंचे थे, जहां इन्हें अपने संपर्क रोशन को सौंपना था। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
