सशस्त्र बलों और मुख्यालय एकीकृत रक्षा स्टाफ के 700 से अधिक कर्मी 28 अगस्त से 10 सितंबर, 2025 तक होने वाले बहुपक्षीय अभ्यास ‘ब्राइट स्टार 2025’ में भाग लेने के लिए तैयार हैं। इस अभ्यास में सैन्य गतिविधियों की एक व्यापक श्रृंखला शामिल होगी, जिनमें मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं:
- तीनों सेनाओं द्वारा लाइव फायरिंग के माध्यम से भारतीय सेना, भारतीय नौसेना और भारतीय वायुसेना की परिचालन क्षमताओं का प्रदर्शन।
- संयुक्त योजना, निर्णय लेने और परिचालन समन्वय को बेहतर बनाने के लिए कमांड पोस्ट अभ्यास।
- आधुनिक युद्ध के विभिन्न पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए तीनों सेनाओं द्वारा लघु प्रशिक्षण अभ्यास।
- समकालीन सैन्य अभियानों के विभिन्न क्षेत्रों पर विषय-वस्तु विशेषज्ञों के साथ संवाद।

इस अभ्यास में भारतीय सशस्त्र बलों की भागीदारी न केवल क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और सुरक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि मित्र देशों के साथ संयुक्तता, अंतर-संचालन और सहयोग को भी बढ़ाती है।
‘ब्राइट स्टार’ अभ्यास मिस्र द्वारा अमेरिका के सहयोग से वर्ष 1980 से आयोजित किया जा रहा है और यह इस क्षेत्र में सबसे बड़े त्रि-सेवा बहुपक्षीय अभ्यासों में से एक है। यह अभ्यास हर दो वर्ष में आयोजित किया जाता है। पिछला अभ्यास 2023 में हुआ था, जिसमें भारत सहित कई देशों के सैनिकों ने भाग लिया था।

