मऊगंज: सोशल मीडिया पर रील बनाने का क्रेज अब खतरनाक रूप लेता जा रहा है। मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र के बड़ा गांव में एक किशोरी के इंस्टाग्राम वीडियो ने पुलिस को भी परेशान कर दिया।
वीडियो में किशोरी सफेद पाउडर खाते और पानी पीते हुए नजर आई। कैप्शन लिखा था — “प्यार की खुशी के लिए गुड बाय…”। यह देखकर मामला आत्महत्या की कोशिश का लगा और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल साइबर सेल और स्थानीय पुलिस जांच में जुट गई और किशोरी को अस्पताल ले जाया गया।
जांच के बाद साफ हुआ कि जिसे जहर समझा जा रहा था, वह सिर्फ नमक था। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि उसकी रील्स वायरल नहीं हो रही थीं, इसलिए ध्यान आकर्षित करने के लिए उसने यह वीडियो बनाया।
पुलिस ने किशोरी को थाने बुलाकर समझाइश दी और भविष्य में इस तरह के वीडियो न बनाने की सख्त हिदायत दी। इस पूरे मामले की जानकारी मऊगंज एसपी ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की।
