मुंबई पोर्ट ट्रस्ट, भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) और भारतीय बंदरगाह संघ (आईपीए) के सहयोग से सोमवार, 18 अगस्त को मुंबई में ‘वाटरवेज टू वंडर: अनलॉकिंग क्रूज़ टूरिज्म’ विषय पर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
इस सम्मेलन का उद्देश्य भारत में क्रूज़ पर्यटन की संभावनाओं को तलाशना, नीतिगत पहलों पर चर्चा करना और बेहतर विधियों व रणनीतियों को साझा करना है। कार्यक्रम में पर्यटन मंत्रालय, महाराष्ट्र पर्यटन विकास निगम और अन्य प्रमुख क्षेत्रों के प्रतिनिधि प्रस्तुतियां देंगे, पैनल चर्चाओं में भाग लेंगे और संबोधन करेंगे।
चर्चा के प्रमुख विषयों में क्रूज़ पर्यटन विकास के लिए रणनीतिक दृष्टि, नीतिगत और नियामक सुधार, सांस्कृतिक व तटीय यात्रा कार्यक्रम, स्मार्ट क्रूज़ टर्मिनल संचालन और हरित बंदरगाह रणनीतियां शामिल होंगी।
कार्यक्रम में नाविक सेल 4 (MOPSW द्वारा स्थापित विशेष प्रकोष्ठ) की प्रस्तुति के माध्यम से महासागर, नदी और लाइटहाउस पर्यटन में उपलब्धियों और सुधारों को प्रदर्शित किया जाएगा। यह प्रकोष्ठ भारत को क्रूज़ पर्यटन का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए समुद्री और नदी क्रूज़ सर्किट विकसित करने पर कार्य कर रहा है।
आईडब्ल्यूएआई के अध्यक्ष व नाविक सेल 4 के नोडल अधिकारी श्री विजय कुमार, आईएएस, मुख्य भाषण देंगे। उद्योग विशेषज्ञों की पैनल चर्चा में श्री विकास नरवाल (आईपीए), श्री ए.के. बंसल (आईडब्ल्यूएआई), श्री ओपेश शर्मा (जल परिवहन मंत्रालय), अंतरा क्रूज़/हेरिटेज रिवर जर्नीज़ और नॉर्डिक क्रूज़लाइन के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
सम्मेलन का समापन अक्टूबर 2025 में आयोजित होने वाले इंडिया मैरीटाइम वीक (IMW) पर एक विशेष प्रस्तुति के साथ होगा, जिसका उद्देश्य समुद्री क्षेत्र में घरेलू विकास, अवसरों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना है।
