कैमूर जिले की नुआंव पुलिस को वाहन जांच के दौरान बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक बाइक पर सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर उनकी बाइक की डिक्की से ढाई करोड़ रुपए मूल्य की ढाई किलोग्राम हेरोइन जब्त की है। इसके साथ ही दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार किए गए दोनों तस्कर उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के कुशी गांव के रहने वाले रूपेश कुमार उर्फ रितेश कुमार और प्रमोद कुमार बताए जा रहे हैं, जो आपस में सगे भाई हैं। पूछताछ में पता चला है कि ये लोग पहले भी कई बार हेरोइन तस्करी का काम कर चुके हैं। वे दिलदारनगर से भोजपुर डिलीवरी देने के लिए जा रहे थे, तभी नुआंव पुलिस ने जैतपुरा पंप कैनाल नहर के पास उन्हें धर दबोचा।
मोहनिया के डीएसपी प्रदीप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि नुआंव पुलिस वाहन जांच कर रही थी, तभी मोटरसाइकिल सवार ये दोनों युवक भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो वे जैतपुरा पंप कैनाल नहर में भागने के दौरान अनियंत्रित होकर गिर पड़े। सख्ती से पूछताछ करने पर उनकी बाइक की डिक्की से पांच पैकेटों में भरी ढाई किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सगे भाई हैं और पहले भी चार-पांच बार डिलीवरी दे चुके हैं। इनमें से एक अपराधी किस्म का है, जिसके ऊपर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में इन्होंने डिलीवरी के बाद ₹5000 मिलने की बात बताई है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
