भिलाई, छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई-3 थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां ढाई साल के मासूम शिवांश धुरी पर एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। गांधी नगर वार्ड की इस घटना में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है।
शिवांश अपने घर के पास गली में खेल रहा था, तभी अचानक एक आवारा कुत्ते ने उसे निशाना बनाया। हमले के दौरान वह अपनी खिलौना गाड़ी से गिर पड़ा और कुत्ता उसे नोंचने लगा। बच्चा जब रोने लगा, तब पास के एक व्यक्ति ने डंडे से कुत्ते को भगाया, लेकिन तब तक कुत्ता शिवांश के शरीर को कई जगह काट चुका था।
बच्चे के कपड़े खून से सने हुए थे। उसे तुरंत स्थानीय निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।
इस घटना ने नगर निगम भिलाई-चरोदा के आवारा कुत्तों को नियंत्रित करने के दावों की पोल खोल दी है। गांधी नगर वार्ड के पूर्व पार्षद लावेश मदनकर ने बताया कि अप्रैल में सुशासन शिविर में उन्होंने आवारा मवेशियों और कुत्तों को हटाने की मांग रखी थी, लेकिन निगम ने सिर्फ औपचारिक जवाब देकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया।
